राजयोग / अष्टांग योग – पतंजलि के योगसूत्र से शांति, सुख और समृद्धि कैसे पाए – भाग 3: आसन और प्राणायाम
प्राणायाम क्या है? अक्सर लोग समझते हैं — "प्राणायाम मतलब साँस की कसरत।" लेकिन ये बस आधा सच है। चलो इसे थोड़ा खुलकर समझते हैं — ‘प्राण’ का मतलब होता है — जीवन-ऊर्जा। और ‘आयाम’ का मतलब है — उसका फैलाव, विस्तार या संतुलन। तो प्राणायाम का मतलब हुआ: “साँस के ज़रिए अपनी जीवन-ऊर्जा को जानना, फैलाना और संतुलित करना।” ये सिर्फ़ साँस रोकने की बात नहीं है। बल्कि ये समझने की बात है कि आप साँस कैसे लेते हो — और फिर उसी साँस के सहारे आप कैसे अपने मन, शरीर और भावनाओं को शांत, ऊर्जावान और साफ़ कर सकते हो।

पहले वाले हिस्से मिस कर दिए क्या? तो आप भाग 1 – यम और भाग 2 – नियम यहाँ पढ़ सकते हो।

अब तक हम यम और नियम की बातें कर रहे थे — यानी बाहर और अंदर, दोनों तरह की साफ़-सफ़ाई और अनुशासन। ईमानदारी, अहिंसा, संतोष, और अपने मन-भावनाओं को साफ़ रखना — ये सब आपने पढ़ा। लेकिन अब रास्ता थोड़ा बदलने वाला है।

सोचो — अगर मन को साफ़ कर भी लिया, लेकिन उसके साथ बैठना ही न आया… तो क्या फ़ायदा?

अगर सोच ठीक हो भी गई, लेकिन शरीर बार-बार हिले, कांपे या दुखे… तो ध्यान कैसे होगा?

इसलिए अष्टांग योग के तीसरे और चौथे पायदान — 'आसन' और 'प्राणायाम' — कोई कसरत नहीं हैं। ये तो वो पुल हैं, जो बाहर की दुनिया से अंदर की दुनिया को जोड़ते हैं।

सिंपल शब्दों में कहें तो — यम और नियम से हमने अपना घर साफ़ किया। अब आसन और प्राणायाम से हम उसी घर में शांति से बैठने की शुरुआत करते हैं — चुपचाप, आराम से, बिना हिले-डुले। और यहीं से असली बदलाव शुरू होता है।

तो चलो, पहले बात करते हैं — आसन की।

"आसन" सुनते ही आपके मन में क्या आता है? शीर्षासन? योगा मैट? इंस्टाग्राम वाले सुंदर पोज़?

तो रुको ज़रा।

ऋषि पतंजलि ने 'आसन' को बस तीन शब्दों में समझाया: "स्थिर-सुखम् आसनम्।" यानी — "वो स्थिति जिसमें शरीर स्थिर और सुखद महसूस करे — वही आसन है।" बस। ना कोई ऐंठन, ना कोई करतब, ना कोई दिखावा।

सिर्फ़ एक ऐसी सहज और शांत स्थिति, जिसमें आपका शरीर बिना ध्यान भटकाए आराम से बैठा रहे। अब खुद से एक सवाल पूछो — क्या आपने कभी कोशिश की है — दो मिनट तक बिल्कुल चुपचाप बैठने की? बिना मोबाइल देखे, बिना पैर हिलाए, बिना सिर खुजाए? सच बताओ — थोड़ा मुश्किल लगता है न?

क्यों?

क्योंकि हमारा शरीर तो जैसे हमेशा हिलता-डुलता रहने की आदत में ढल गया है। बैठना सीखा ही नहीं है। ठहरना सीखा ही नहीं।

और याद रखो — जब तक शरीर नहीं रुकेगा, मन भी नहीं रुकेगा। इसलिए ‘आसन’ का मतलब ये नहीं कि आप कितने लचीले हो, या कितने योगासन जानते हो।

सारा सवाल बस ये है: क्या आप खुद के साथ — बिना बेचैनी के — थोड़ी देर टिककर बैठ सकते हो?

यही असली साधना की शुरुआत है।

आसन क्यों ज़रूरी है — सिर्फ़ फिटनेस या पोज़ के लिए नहीं:

आप सोच सकते हो — "अगर आसन का मतलब बस आराम से बैठना है, तो इसमें खास क्या है? हम तो रोज़ बैठते ही हैं — कुर्सियों पर, सोफ़े पर, कार में..."

बिलकुल सही। लेकिन ज़रा ये समझो — हम कैसे बैठते हैं — वो तय करता है कि हम कैसा महसूस करते हैं। हम कैसा महसूस करते हैं — वो तय करता है कि हम क्या सोचते हैं। और हमारी सोच — हमारी पूरी ज़िंदगी को चलाती है।

ध्यान दिया है कभी?

अगर आप दिन भर झुके-झुके बैठे रहो, तो मन भी थका-थका, चिड़चिड़ा सा लगने लगता है।

और अगर बस रीढ़ सीधी करके, गहरी सांस लेकर बैठ जाओ — तो अंदर कुछ हल्का सा महसूस होता है?

ये कोई जादू नहीं है — आपका शरीर हर पल मन को सिग्नल भेजता रहता है।

आसन सिर्फ़ शरीर की बात नहीं है — ये आपके मन और भावनाओं की भी बात है।

जब हम झुककर बैठते हैं, तो अंदर से भी सिकुड़ जाते हैं। और जब हम सहज और गरिमा से बैठते हैं — तो साँस खुलती है, मन साफ़ होता है… और अंदर कुछ टिकता हुआ-सा महसूस होता है।

बस — यही है आसन की ताक़त। ना कैलरी जलाने की बात है, ना लचीलापन दिखाने की। ये तो 'अभी' में टिकने की बात है — अपने आप के साथ।

‘आसन’ का असली काम क्या है?

आसन शरीर को इस तरह तैयार करता है कि वह बिना खिंचाव के, बिना तनाव के — शांति से बैठ सके।

क्योंकि जब तक शरीर पूरी तरह बैठा नहीं होता, मन को हमेशा कोई न कोई शिकायत रहती है — कहीं खुजली, कहीं दर्द, कहीं बेचैनी।

तो असली सवाल ये है — क्या आप अपने शरीर को ऐसा शांत ‘घर’ बना सकते हो — जहाँ मन आराम से टिक सके?

बस यही सिखाने आया है ‘आसन’।

आसन को लेकर कुछ आम ग़लतफ़हमियाँ —

सच कहें तो — जब भी लोग ‘योग’ शब्द सुनते हैं, तो सबसे पहले दिमाग़ में एक टेढ़े-मेढ़े, साँप जैसे मुड़े हुए शरीर की तस्वीर आती है — योगा मैट पर किसी मुश्किल पोज़ में।

यहीं सबसे बड़ी गलती हो जाती है।

आइए देखें कुछ आम गलतफहमियाँ — शायद आपने भी कभी सुनी हो… या मान ली हो?

1. मैं लचीला नहीं हूँ, इसलिए योग नहीं कर सकता।”

ये सबसे बड़ी और सबसे मशहूर भ्रांति है। लेकिन सच्चाई ये है —योग का मक़सद अपने पैर की उँगलियाँ छूना नहीं है — बल्कि अपने अंदर की शांति को छूना है।

आपको जिम्नास्ट की तरह मुड़ना ज़रूरी नहीं। बस एक ऐसी स्थिति में बैठना ज़रूरी है — जो स्थिर और आसान हो। यहाँ तक कि अगर आप कुर्सी पर सीधे बैठ जाओ — और साँसें शांत हों, शरीर ढीला हो — तो वो भी आसन है।

2. आसन मतलब मुश्किल-मुश्किल पोज़।”

बिलकुल नहीं।

पतंजलि योगसूत्र में — एक भी आसन का नाम नहीं दिया गया है। सारा ध्यान सिर्फ़ दो बातों पर है:

स्थिरता (स्थिर) और आराम (सुखम्)। मतलब — शरीर भी स्थिर रहेगा और आराम भी महसूस होगा। यानी मन भी स्थिरता की ओर जाएगा।  

3. “’योग’ तो बस फिजिकल एक्सरसाइज़ है।”

ये कुछ वैसा ही है, जैसे कोई कहे — "ध्यान मतलब बस बैठना है।"

असल में — सच्चा आसन एक ध्यान की अवस्था ही है। कोई कसरत नहीं, कोई प्रदर्शन नहीं। बस एक ऐसा अभ्यास, जिसमें आप शरीर और साँस को लेकर सजग और सहज हो जाओ। 

हाँ, ये ज़रूर है कि अभ्यास से शरीर मज़बूत और स्वस्थ होता है — लेकिन वो तो बोनस है, आसन का असली मक़सद नहीं। तो अगली बार कोई कहे — “मुझे योग नहीं आता, मैं बहुत अकड़ा हुआ हूँ” — तो बस मुस्कराकर कहना: तब तो योग तुम्हारे लिए ही है!”

आसन का अभ्यास कैसे शुरू करें— स्टेप बाई स्टेप?

अब सवाल उठता है — “तो अब मैं शुरू कैसे करूं? आसन का अभ्यास सही तरीक़े से कैसे किया जाए?”

कोई मुश्किल बात नहीं है — ये रहा एक बिलकुल आसान स्टेप-बाई-स्टेप तरीका, खासकर उनके लिए जो अभी बिलकुल शुरुआत कर रहे हैं:

1. छोटा शुरू करो — 5 मिनट भी बहुत है

कोई ज़रूरत नहीं कि आप एक घंटे बैठो। बस 5 से 10 मिनट के लिए आराम से बैठो — चाहे पालती मारकर, कुर्सी पर, या तकिये का सहारा लेकर।

खुद से पूछो — “क्या मैं बिना हिले, बिना मोबाइल देखे, बिना बार-बार एडजस्ट किए — थोड़ी देर बैठ सकता हूँ?”

बस — यही शुरुआत है।

2. रीढ़ की हड्डी पर ध्यान दो

रीढ़ ऐसी होती है जैसे आपके पूरे शरीर को जोड़ने वाली सीधी लाइन। इसे सीधा रखो — न ज़्यादा खिंचा हुआ, न ढीला। ऐसे सोचो जैसे सिर अपने कंधों के ऊपर हल्के से तैर रहा हो। बस यही आसान-सी सीधी बैठने की आदत, साँस को खुलकर चलने देती है… और मन को भी जगा कर रखती है।

3. साँस को बस महसूस करो — कंट्रोल मत करो

अभी कुछ करने की ज़रूरत नहीं। बस महसूस करो — साँस अंदर आ रही है, बाहर जा रही है… धीरे-धीरे, गहराई से। जितना ज्यादा आप साँस को देखोगे, उतना ही शरीर शांत होता जाएगा।

4. कोई शांत और साफ़ कोना चुनो

‘योगा स्टूडियो’ जाने की ज़रूरत नहीं। आपके कमरे का एक छोटा-सा कोना, एक साफ़ चटाई या मैट — बस काफी है। वो कोना ही धीरे-धीरे आपका "शांति-स्थल" बन जाएगा।

5. शरीर के साथ प्यार से पेश आओ — ज़ोर-ज़बरदस्ती नहीं

शरीर को दबाओ मत। कोई जजमेंट मत लगाओ। अगर पालती मारना घुटनों को खिंचाव देता है — तो पैर आगे फैलाकर बैठो, या हिप्स के नीचे तकिया रख लो। अगर पीठ झुकती है — तो बस धीरे से सीधा कर लो। याद रखो — स्थिर और सुखद — “स्थिर-सुखम्” — जैसा पतंजलि ने कहा।

कोई मुक़ाबला नहीं, कोई दिखावा नहीं। बस अपने शरीर को धीरे-धीरे शांत होने दो — हल्का, स्थिर, और ढीला-सा। बस आप हो, आपकी साँस, और ये पल।

यही है — ‘आसन’

तो अब अगला सवाल उठता है — पतंजलि के मुताबिक, जब कोई आसन में स्थिर हो जाए, तब क्या होता है?

क्या इसका मतलब बस घंटों तक बैठ पाना है? या अपने पैर की उंगलियाँ छू लेने भर की बात है?

बिलकुल नहीं। पतंजलि यहाँ एकदम साफ़ हैं — आसन का फल इससे कहीं गहरा है।

योगसूत्र 2.48 कहता है: "ततो द्वन्द्वानभिघातः॥" (तत:, द्वन्द्व:, अनभिघात:)

यानी — "तब जीवन के दोहरावों से कोई प्रभावित नहीं होता।"

इसका मतलब क्या है?

मतलब ये — जब शरीर सच में स्थिर हो जाता है और बिना कसाव के टिक जाता है, तब मन हर छोटी-छोटी चीज़ पर उछलना छोड़ देता है — जैसे — तारीफ़ मिले या आलोचना — ठंड लगे या गर्मी — भूख लगे, नींद आए, मन ऊबे — मन अब हर बात पर उछलता नहीं।

आपके अंदर एक शांत ताक़त आनी शुरू होती है — जहाँ छोटी बातों पर आप भड़कते नहीं, और बड़ी बातों के सामने आप टूटते नहीं। अंदर का संतुलन बना रहता है — चाहे मौसम कोई भी हो, लोग कुछ भी कहें या अनदेखा करें।

ये बेरुख़ी नहीं है — ये आज़ादी है — हर वक़्त पसंद–नापसंद के झूले में डोलते रहने से आज़ादी।

असल ज़िंदगी में ये कैसा दिखता है?

ट्रैफिक में फँसे हो — लेकिन अंदर गुस्सा नहीं उबल रहा। कोई कड़वी बात कह दे — फिर भी मन की शांति बनी रहती है। भूख लगी है — फिर भी धैर्य है। दर्द है — लेकिन डर या घबराहट नहीं है।

और ये सब कहाँ से शुरू होता है?

बस कुछ मिनटों तक रोज़ शांति से बैठने से।

इसलिए आसन का मतलब शरीर को किसी मुद्रा में बैठा देना नहीं — बल्कि शरीर को बाहर और अंदर, दोनों से स्थिर और शांत करना है।

अब बढ़ते हैं अगले पड़ाव पर —

प्राणायाम: सजग और शांत साँसों की कला

अब तक आपने देखा कि आसन से हम शरीर में और जीवन में स्थिर होना सीखते हैं। लेकिन जब आप शांति से बैठने लगते हो — तो अगला सवाल उठता है:

“अब जब मैं बैठ गया हूँ — तो इस साँस के साथ क्या करूं?”

यहीं से शुरू होता है — प्राणायाम

प्राणायाम क्या है?

अक्सर लोग समझते हैं — "प्राणायाम मतलब साँस की कसरत।" लेकिन ये बस आधा सच है।

चलो इसे थोड़ा खुलकर समझते हैं —

प्राण’ का मतलब होता है — जीवन-ऊर्जा। और ‘आयाम’ का मतलब है — उसका फैलाव, विस्तार या संतुलन।

तो प्राणायाम का मतलब हुआ: “साँस के ज़रिए अपनी जीवन-ऊर्जा को जानना, फैलाना और संतुलित करना।”

ये सिर्फ़ साँस रोकने की बात नहीं है। बल्कि ये समझने की बात है कि आप साँस कैसे लेते हो — और फिर उसी साँस के सहारे आप कैसे अपने मन, शरीर और भावनाओं को शांत, ऊर्जावान और साफ़ कर सकते हो।

साँस इतनी ज़रूरी क्यों है?

क्योंकि साँस ही वो पुल है — जो आपके शरीर और मन को आपस में जोड़ता है। जब आप गुस्से में होते हो — तो साँस तेज़ हो जाती है। जब डरते हो — तो साँस हल्की और टूट-सी जाती है। और जब मन शांत होता है — तो साँस भी धीमी और सहज बहती है।

तो सोचो — अगर आप अपनी साँस को संभालना सीख लो, तो आप अपने मन, भावनाओं और ऊर्जा को भी संभाल सकते हो। यही असली मक़सद है प्राणायाम का — एक ऐसी चीज़ को (साँस) जिसे आपने ज़िंदगी भर बिना सोचे किया, अब उसी को होश से करना — और अंदर की दुनिया पर धीरे-धीरे पकड़ बनाना।

तो अब सवाल — प्राणायाम की शुरुआत कैसे करें?

क्या इसके लिए कोई गुरु चाहिए? क्या तुरंत साँस रोकनेवाले अभ्यास शुरू करें? क्या अकेले करना ठीक रहेगा?

चलो इसे बिल्कुल आसान और सुरक्षित तरीक़े से समझते हैं —

स्टेप 1: बस साँस पर ध्यान दो — और कुछ मत करो

हाँ, बस इतना ही।

शुरुआत में — पहले कुछ दिनों तक, कुछ भी मत बदलो। ना साँस रोको, ना गिनो, ना कोई तकनीक लगाओ। बस शांति से बैठो — जैसे आसन में बैठते हो, और फिर धीरे से ध्यान दो —

साँस अंदर आ रही है… साँस बाहर जा रही है…

कोई कंट्रोल नहीं। कोई खास तरीका नहीं। बस देखना है — जैसे समुंदर की लहरें आती-जाती हैं।

धीरे-धीरे आप खुद देखोगे: कभी साँस तेज़ होती है, कभी धीमी। कभी दाहिनी नासिका से ज़्यादा, तो कभी बायीं से। मत सोचो। मत रोकों। मत टटोला करो। बस सांस को जानो — जैसे किसी पुराने दोस्त से मिल रहे हो।

क्यों बस देखना है?

क्योंकि ज़्यादातर लोगों ने कभी ध्यान से अपनी सांस को देखा ही नहीं। वे सीधे 'टेक्निक' में कूद जाते हैं — बिना यह जाने कि उनकी असली सांस कैसी है।

यह ठीक वैसा है — जैसे एक गाड़ी को चलाने की कोशिश करना… जिसे आपने अभी स्टार्ट तक भी नहीं किया।

इसलिए प्राणायाम की पहली शुरुआत है — बस सांस को होश से देखना। इतना ही करने से ‘नर्वस सिस्टम’ शांत होने लगता है।

कितनी देर?

सिर्फ 5 मिनट रोज़ — अगर एक ही समय पर कर सको तो बहुत अच्छा। सुबह सबसे बढ़िया, नहीं तो  कोई भी शांत समय चलेगा।

अब अगली बात — सांस को थोड़ा-सा दिशा देना — बिना तनाव या बल के।

जब आप सिर्फ देखने में सहज हो जाओ, तब अगला सवाल आप के मन में उठेगा — "क्या अब मैं सांस को थोड़ा-सा धीरे-धीरे गाइड कर सकता हूं — बिना ज़ोर डाले?"

हाँ। बिल्कुल यही तरीका है जिससे प्राणायाम की असली शुरुआत होनी चाहिए  — धीरे-धीरे, सुरक्षित रूप से और कोमलता से।

टेक्निक 1: पेट की गहरी सांस

सबसे आसान और सुरक्षित शुरुआत है यही। आराम से बैठो। एक हाथ पेट पर रखो। धीरे-धीरे सांस लो — पेट को फूलते हुए महसूस करो। फिर सांस छोड़ो — पेट को गिरते हुए महसूस करो। कोई गिनती नहीं। कोई रोकना नहीं। बस धीरे-धीरे सांस को गहरा करो — और छोड़ो।

5 मिनट तक करो। अगर मन भटक जाए, तो ध्यान प्यार से फिर से पेट की हरकत पर लाओ।

इससे मिलेगा:  तुरंत शांति, मन में एकाग्रता, शरीर में ज़्यादा ऑक्सीजन।

टेक्निक 2: बराबर सांस लेना और छोड़ना

जब आप पेट की सांस में सहज हो जाओ, तब अगला कदम है:

साँस भरो चार तक गिनती में… और छोड़ो भी चार तक गिनती में।

बस इतना ही।

अगर चार तक गिनना आपको ज़्यादा लग रहा हो — या बहुत कम, तो अपने हिसाब से बदल लो।

बस ध्यान रहे — अंदर लेना और बाहर छोड़ना बराबर हो।

क्यों बराबर हो?

क्योंकि जब साँस अंदर और बाहर बराबर चलती है, तो मन और शरीर के बीच एक संतुलन बनने लगता है। ऊर्जा और स्थिरता — दोनों में मेल बैठता है। यही दरवाज़ा है — अंदर की शांति की ओर।

थोड़ी सावधानी ज़रूरी है —

अभी साँस को रोकने (कुंभक) या ज़ोर से साँस लेने वाले अभ्यासों की तरफ जल्दी मत करो।

ये तकनीकें बहुत शक्तिशाली हैं — और इन्हें सही गाइड के साथ ही सीखना होगा।

इस वक़्त आपका ध्यान सिर्फ इस पर हो: साँस को धीरे-धीरे महसूस करना, मन को थोड़ा शांत करना, और अपने लिए एक सुरक्षित स्थिति बनाना।

एक और बात — जल्दी मत करो।

जब आप आसान साँसों के अभ्यास में थोड़ा सहज महसूस करने लगो — तो हो सकता है, आपके मन में ये आए कि अब कुछ और टेक्निक भी आज़मा लें, जैसे — जो ज़्यादा तेज़ हैं, थोड़े ज़ोर वाले हैं, और आजकल बहुत चर्चित भी हैं।

लेकिन उस वक़्त थोड़ा रुक जाना। खुद से बस दो सवाल पूछो:

“क्या मेरा शरीर सच में तैयार है?” “क्या मैं बस ज़्यादा कुछ करना चाहता हूँ — या सच में थोड़ा और जागरूक होना चाहता हूँ?”

आजकल बहुत सी साँस की तकनीकें इधर-उधर तैर रही हैं। लेकिन हर अभ्यास हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होता। कुछ प्राणायाम, अगर बहुत जल्दी शुरू कर दिए जाएँ या बिना सही मार्गदर्शन के किए जाएँ — तो संतुलन बनाने की जगह गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं।

इसलिए — उसी के साथ बने रहो जो सहज हो, जो स्वाभाविक लगे। जो मन और शरीर के साथ मेल खाता हो।

ज़ोर मत लगाओ। नकल मत करो। जल्दी मत करो।

क्योंकि सच्चा प्राणायाम — जैसा पतंजलि ने बताया — वो ज़्यादा साँस लेने का अभ्यास नहीं है, बल्कि जागरूक साँस लेने की कला है।

अपनी साँस को प्रोजेक्ट मत बनाओ — दोस्त बनाओ। प्रगति धीमी हो — लेकिन सच्ची हो।

प्राणायाम करने से क्या होता है? (पतंजलि के अनुसार)

अब आपके मन में ये सवाल आ सकता है: “अगर मैं हर दिन ये हल्का साँस का अभ्यास करता रहूं — तो क्या कुछ बदलेगा?” “क्या अंदर कुछ खास महसूस होगा?”

जवाब है: बिलकुल हाँ

लेकिन शायद वैसा नहीं, जैसा आप सोचते हो। पतंजलि के योग सूत्र (अध्याय 2, सूत्र 52) में साफ कहा गया है — जब प्राणायाम सावधानी और निरंतरता से किया जाता है तब:

ततः क्षीयते प्रकाश-आवरणम्” मतलब — “अंदर के प्रकाश को ढकने वाला पर्दा हटने लगता है।”

इसका मतलब क्या है?

मतलब ये कि अंदर जो स्पष्टता है, खुद को समझने की जो ताकत है — बिना डर, बिना उलझन, बिना किसी धुंध के — वो धीरे-धीरे साफ और मज़बूत होने लगती है।

कोई जादू नहीं होता… बस बेचैनी कम होने लगती है। आप अपने आप शांत महसूस करने लगते हो — बिना ज़ोर लगाए। हर छोटी बात पर रिएक्ट करना बंद हो जाता है। इससे पहले कि आपके विचार आपको नियंत्रित करें, आप उनके प्रति जागरूक हो जाते हो। छोटी-छोटी चीज़ों में खुशी दिखने लगती है — एक हवा का झोंका, एक चिड़िया, किसी की मुस्कान।

यह धूल भरी खिड़की साफ़ करने जैसा है — आपको नई लाइट लगाने की ज़रूरत नहीं पड़ी। लाइट तो पहले से ही वहाँ मौजूद थी।

और फिर धीरे-धीरे...

प्राणायाम सिर्फ एक साँस की क्रिया नहीं रह जाती। वो बन जाती है — खुद के पास लौटने का रास्ता।

इसीलिए पतंजलि अगले सूत्र (2.53) में कहते हैं — “धारणासु च योग्यता मनसः

मतलब — “और मन, धारणा ‘(एकाग्रता) के लिए योग्य हो जाता है।” मतलब ये कि जब प्राणायाम स्थिर हो जाता है, तो मन एकाग्रता के लिए तैयार हो जाता है। मन का विचलन हटने लगता है।   

आपकी साँस — शरीर और मन के बीच पुल बन जाती है। शोर और शांति के बीच, बिखराव और एकाग्रता के बीच एक रास्ता बन जाता है।

प्राणायाम को लेकर कुछ आम भ्रम — और उनसे कैसे बचें

चलो ईमानदारी से सोचें —

साँस लेना तो बहुत आसान लगता है, है ना? तो फिर इसके लिए इतनी सावधानी क्यों जरूरी है?

क्योंकि प्राणायाम को लेकर बहुत-सी गलत धारणाएं और अधूरी जानकारियां फैली हुई हैं — और ये किसी गहरे उपचार को भी नुकसानदेह बना सकती हैं।

तो चलो — एक-एक करके धीरे-धीरे सब साफ़ करते हैं।

मिथक 1: जितना ज़्यादा, उतना अच्छा”

"अगर मैं रोज़ 100 राउंड साँसों का अभ्यास करूँ — मैं तो बहुत ‘सुपर स्पिरिचुअल’ बन जाऊँगा!"

बिलकुल नहीं।

प्राणायाम संख्या का खेल नहीं है — ये जागरूकता का अभ्यास है।

अगर आप रोज़ बस 10 मिनट भी धीरे और जागरूक होकर साँस लोगे, तो वो एक घंटे की ज़ोर-ज़बरदस्ती से कहीं ज़्यादा असर देगा।

ध्यान रखो — ये कोई जिम का वर्कआउट नहीं है। ये अंदर की ट्यूनिंग है।

मिथक 2: साँस रोकने से मन कंट्रोल होता है”

अक्सर लोग कहेंगे: “साँस रोक लो — वहीं तो जादू होता है!”

लेकिन सच ये है — साँस रोकना (कुंभक) एक बहुत ही उन्नत तकनीक है।

अगर मन पहले से शांत नहीं है, तो साँस रोकने से शांति नहीं — तनाव बहुत बढ़ता है

ये वैसा ही है जैसे ट्रैफिक जाम में बैठकर ध्यान लगाने की कोशिश करना।

तो जल्दबाज़ी मत करो।

इसको धीरे-धीरे, किसी मार्गदर्शक के साथ ही सीखो — तभी जब शरीर और साँस दोनों पूरी तरह तैयार हों।

मिथक 3: चक्कर आना या घबराहट होना अच्छा संकेत है”

बिलकुल नहीं।

चक्कर आना, बेचैनी होना या थकान महसूस होना — ये साफ़ संकेत हैं कि कुछ गड़बड़ है।

सही प्राणायाम करने से आपको हल्कापन, स्थिरता और स्पष्टता महसूस होती है — न कि चक्कर, झटका या सुन्नपन।

अपने शरीर की सुनो — वो आपकी ‘महत्त्वाकांक्षा’ से ज़्यादा समझदार है।

तो, क्या याद रखना चाहिए? छोटा शुरू करो। धीरे चलो। कभी ज़ोर-ज़बरदस्ती मत करो।

साँस को लक्ष्य नहीं, अपना मार्गदर्शक बनाओ। क्योंकि जब आप साँस का सम्मान करते हो, तो वो आपकी दोस्त बन जाती है — जो आपको धीरे-धीरे, सुरक्षित और निश्चित रूप से अंदर की ओर ले जाती है।

प्राणायाम की सही साधना के लिए खुद को तैयार करना (अंदरूनी भाव)

इससे पहले कि आप साँस पर अधिकार पाने की कोशिश करो — खुद से एक सवाल पूछो:

"मैं इस अभ्यास में कैसा मन लेकर आ रहा हूँ?"

क्योंकि साँस सिर्फ हवा नहीं है। वो भावना है। वो स्मृति है। वो ऊर्जा है।

और आपकी भावना तय करती है कि वो कितनी गहराई से आपको जवाब देगी।

तो शुरुआत कैसे हो?

न नियंत्रण से। न किसी लालच से। बल्कि इन तीन सरल भावनाओं से:

1. अपने शरीर के प्रति कोमलता

आपका शरीर कोई मशीन नहीं है। हो सकता है थका हो, बेचैन हो, जकड़ा हुआ हो — और ये सब होता ही है।

इसलिए हर अभ्यास की शुरुआत में खुद से धीरे से पूछो: "आज तुम कैसे हो?" और ध्यान से सुनो।

जिस शरीर से आप लड़ रहे हो, उसमें साँस गहराई से नहीं जा सकती।

शरीर को सुरक्षित महसूस होने दो — और वो अपने आप खुलने लगेगा।

2. प्रगति के प्रति धैर्य/ धीरज के साथ आगे चलना        

कुछ दिन साँस बहुत सहज लगती है। कुछ दिन वह टूटती-बिखरती, उथली, और बिखरी हुई होती है।

ये असफलता नहीं है — ये जीवन है। और जीवन हमेशा बदलता रहता है। बस साथ बने रहो — एक बार में एक हल्की साँस।

यही असली बदलाव की शुरुआत होती है — धीरे-धीरे, चुपचाप।

3. दिखाने की नहीं, सीखने की विनम्रता

प्राणायाम कोई प्रदर्शन नहीं है। यह लंबी साँसों या जटिल तकनीकों का खेल नहीं है। यह खुद में ‘उपस्थित’ होने की साधना है। जितने अंदर आप शांत होते जाते हो, उतनी ही गहराई से साँस आपका साथ देती है।

तो सिर्फ आसन मत तैयार करो — अपना मन भी तैयार करो।

सम्मान के साथ बैठो। विनम्रता के साथ साँस लो। बिना किसी निर्णय के खुद को देखो। क्योंकि साँस अपने राज़ ज़ोर-जबरदस्ती से नहीं खोलेगी। वो केवल प्रेम, कोमलता और ‘उपस्थिति’ के आगे ही प्रकट  करेगी।

एक हल्का अभ्यास, जो आज से ही शुरू किया जा सकता है

इसके लिए न किसी ख़ास कमरे की ज़रूरत है, न योग की खास चटाई की, न धूप-बत्ती की।

बस एक शांत कोना। एक साफ़ बैठने की जगह। और थोड़ी-सी विराम की इच्छा।

आपका 5 मिनट का रोज़ का प्राणायाम अभ्यास

पहला चरण: आराम से बैठो (1 मिनट)

कोई भी गद्दी या कुर्सी लो — जो भी आप को आराम से, रीढ़ को सीधा और हल्का रखने में मदद करे। आप फर्श पर भी बैठ सकते हो।

हाथों को घुटनों या गोद पर धीरे से रखो। अगर सुरक्षित महसूस हो, तो आँखें बंद कर लो।

बस ठहर जाओ। अपने मन में धीरे से कहो: "मैं यहाँ हूँ। मैं सुरक्षित हूँ। मैं साँस ले रहा हूँ।"

दूसरा चरण: स्वाभाविक साँस को देखना (2 मिनट)

नाक से सहज रूप से साँस लो और छोड़ो। न कोई नियंत्रण, न कोई ज़ोर। बस देखो — साँस अंदर जा रही है... और बाहर आ रही है।

हो सकता है साँस तेज़ हो, या उथली लगे — कोई बात नहीं। आप को इसे बदलना नहीं है। — बस इससे दोस्ती करनी है।  

तीसरा चरण: साँस को थोड़ा लंबा करना (2 मिनट)

जब समान साँस लेना सहज लगने लगे — तो धीरे-से साँस छोड़ने को थोड़ा लंबा करो।

जैसे — 4 गिनती में साँस लो, 6 गिनती में छोड़ो। धीरे से 4 तक गिनकर साँस लो। धीरे से 6 तक गिनकर साँस छोड़ो। कोई रुकावट नहीं। कोई दबाव नहीं। बस बाहर की साँस को थोड़ा लंबा करो।

क्यों?

क्योंकि लंबी साँस छोड़ना नर्वस सिस्टम  को गहराई से शांत करता है।

और यहीं से शांति की नींव रखी जाती है — साँस से शुरू होकर अंदर तक।

आप कोई छोटा-सा मंत्र भी जप कर सकते हो — जैसे: "सो-हम..." (मतलब: मैं वही हूँ — वही परम चेतना)। लेकिन जप  गले के अंदर विशुद्ध चक्र में  करोगे तो सब से अच्छा होगा। 

जैसा कि मैंने अपने पहले ब्लॉग "मेडिटेशन क्या है? " में बताया था — साँस अंदर लो — स्वाभाविक रूप से। और साँस छोड़ते समय — मन में चुपचाप अपना मंत्र बोलो। एक कोमल मानसिक लहर की तरह। हर साँस छोड़ने के साथ — "मौन ध्वनि" और तनाव, दोनों को बाहर जाने दो।

सिर्फ 5 मिनट रोज़…… आपकी ऊर्जा, आपकी स्पष्टता, और आपका अंदरूनी स्पेस बदलना शुरू कर सकता है। आपको इससे ज़्यादा करने की ज़रूरत नहीं है।

शुरुआत छोटी करो। प्यार से करो। लेकिन आज ही करो।

और हाँ, प्राणायाम में कुछ गहरे अभ्यास भी होते हैं — जैसे पूरक (साँस लेना), कुम्भक (साँस रोकना), और रेचक (साँस छोड़ना)। इनमें गिनती और अनुपात का विशेष ध्यान रखा जाता है — लेकिन इन्हें हमेशा किसी सही मार्गदर्शक के साथ ही सीखना चाहिए।

फिलहाल जो सबसे ज़रूरी है — वो है धीरे-धीरे अपने साँस के साथ सहज होना, जागरूक होना, और एक लय बनाना।

आख़िरी बात साँस को अपना अंदरूनी गुरु समझो

अब आपने प्राणायाम की ओर अपना पहला कदम बढ़ा दिया है। कोई ज़ोर नहीं, कोई बड़ी चाह नहीं — बस साँस की, शरीर की और मन की थोड़ी जागरूकता। और अब ज़रा ये सोचो — एक सीधी लेकिन गहरी बात:

आपकी साँस तब से आपके साथ है जब आप पैदा हुए थे। उसने आपकी खुशियाँ, आपके दुख, आपकी जीत, आपके डर — सब देखे हैं। इसलिए वो आप को बेहतर जानती है।

तो क्या आप एक तकनीक के रूप में “प्राणायाम” करने के बजाय, एक बुद्धिमान शिक्षक की तरह अपनी सांस को सुनना शुरू कर सकते हो?

जैसा कि मैंने पहले भी बताया — योगसूत्र 2.52 कहता है: “ततः क्षीयते प्रकाशावरणम्।” (तब वह परदा हटने लगता है जो अंदर की रौशनी को ढँके हुए है।)

नियमित और शांत प्राणायाम से वह धुंध छँटने लगती है। सोच धीमी हो जाती हैं। ध्यान भटकना कम होने लगता है। और आपके अंदर का दीपक धीरे-धीरे जलने लगता है।

तो ये रहा आपका सरल अभ्यास:

छोटे से शुरू करो। नियमित रहो। और विनम्र रहो।

सिर्फ़ 5 मिनट रोज़ — बस साँस के साथ शांत बैठ जाना — इतना ही काफ़ी है बदलने के लिए कि आप क्या महसूस करते हो, क्या सोचते हो, और कैसे जीते हो।

और हाँ — आपने शायद अनुलोम-विलोम के बारे में भी सुना होगा — एक नासिका से साँस लेना और दूसरे से छोड़ना — जिससे शरीर के ‘इड़ा’ और ‘पिंगला’ नामक ऊर्जा-नाड़ियाँ संतुलित होती हैं।

हालाँकि पतंजलि ने इन तरीक़ों का ज़िक्र नहीं किया है, लेकिन ये बाद की ‘हठयोग’ परंपरा का हिस्सा हैं।

अगर आपने अब तक के सरल अभ्यासों से अपनी साँस को शांत और स्थिर कर लिया है — तो आप इन्हें भी धीरे-धीरे, सही मार्गदर्शन में, अनुभव करना शुरू कर सकते हो।

और हमेशा याद रखो:

प्राणायाम कोई शॉर्टकट नहीं है। यह वापसी है — स्वयं की ओर। अपने शोर के नीचे जो ख़ामोशी है, उसकी ओर। उस शांति की ओर जो हमेशा आपके अंदर ही इंतज़ार कर रही थी।

एक बात और याद रखो

कुछ लोग दिखावा करते हैं: “मैं 60 सेकंड… 90 सेकंड तक साँस रोक सकता हूँ!”

लेकिन ये कोई प्रतियोगिता नहीं है। असल में, साँस को ज़ोर से खींचना या ज़्यादा देर तक रोकना — बिना सही मार्गदर्शन के — शरीर और मन दोनों के लिए हानिकारक हो सकता है।

बहुत से ऑनलाइन वीडियो 'प्राचीन प्राणायाम' की बातें करते हैं — लेकिन सबमें असली समझ नहीं होती। इसलिए, सादगी से चलो। समझदारी से चलो। और उस शिक्षक के साथ आगे बढ़ो जो इस अभ्यास की सच्ची नींव को जानता हो।

इस ब्लॉग श्रृंखला के अगले भाग में, हम धीरे-धीरे अष्टांग योग के अगले अंग —प्रत्याहार — की ओर चलेंगे। ये इंद्रियों की बाहर की दौड़ से आपकी अंदर की जागरूकता की ओर एक सुंदर पुल है।

तब तक — अपने मन को हल्का रखो, सच्चे बने रहो, और अपनी साँस के पास ही बने रहो।

एक खास चेतावनी: खाने के तीन घंटे के अंदर प्राणायाम बिल्कुल मत करना। इससे पाचन गड़बड़ा सकता है और शरीर-मन दोनों पर असर पड़ सकता है।


2 thoughts on “राजयोग / अष्टांग योग – पतंजलि के योगसूत्र से शांति, सुख और समृद्धि कैसे पाए – भाग 3: आसन और प्राणायाम

  1. बहुत बहुत good है, हमेशा की तरह । बहुत से सवाल या भ्रांतिया जो मन में था आसन व प्राणायाम के बारे में वो स्पष्ट हुआ । बहुत ही उपयोगी है सभी के लिए। बहुत बहुत धन्यवाद, अगले के प्रतीक्षा में …🙏

Leave a Reply to Ajay Dixit Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *